श्रीमद्भागवत कथा में कृष्ण-रूक्मणी विवाह व बाल लीलाओं का हुआ मनोहारी प्रसंग
भक्तों ने लगाए जयकारे, कथा में उमड़ा आस्था का सागर**
मंडल ब्यूरो चीफ : राजीव कुमार सिकरवार, आगरा (उत्तर प्रदेश)
संवाददाता : बहादुर सिंह, आगरा
बरौली अहीर। क्षेत्र में इन दिनों श्रीमद्भागवत कथा की धूम देखने को मिल रही है। कहरई स्थित सेंटर पार्क, राम रघु एग्जाटिका मारूति सिटी रोड पर चल रही कथा में कथा व्यास चन्द्रकांत जी महाराज अपने मधुर वाणी से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, रूक्मणी विवाह और कंस वध के प्रसंग सुनाकर भक्तों को भक्ति रस में डुबो रहे हैं।
कथा का शुभारंभ पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह और भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष पंडित देवेंद्र रावत ने श्रीमद्भागवत महापुराण की आरती उतारकर संयुक्त रूप से किया।
कथा प्रारंभ करते हुए चन्द्रकांत जी महाराज ने कहा कि “भगवान प्रेममय हैं। प्रेम ही वह मार्ग है जिससे भगवान के दर्शन और कृपा दोनों प्राप्त होते हैं।” उन्होंने बताया कि गोपियां भगवान के प्रेम में स्वयं को भी भूल गई थीं और उद्धव के उपदेश देने पर भी वे प्रेम को ही परम मानती रहीं।
शनिवार को कथा में रूक्मणी विवाह, कंस वध, गोपियों का विरह और रासलीला जैसे दिव्य प्रसंगों का मनोहारी वर्णन हुआ। कथा सुनते ही श्रद्धालुओं ने श्रीकृष्ण के जयकारों से पंडाल गूंजा दिया।
कथा व्यास ने बताया कि कंस के अत्याचारों से त्रस्त पृथ्वी पर जब पीड़ा बढ़ी, तब भगवान विष्णु ने श्रीकृष्ण रूप में अवतार लेकर धर्म की पुनर्स्थापना की। कंस ने श्रीकृष्ण को बाल्यावस्था में अनेक बार मारने का प्रयास किया, लेकिन भगवान की लीला के आगे वह हर बार असफल रहा। अंततः श्रीकृष्ण ने कंस का वध कर मथुरा को उसके आतंक से मुक्त कराया।
रूक्मणी विवाह के प्रसंग में बताया गया कि रूक्मणी माता लक्ष्मी का अवतार थीं और उन्होंने श्रीकृष्ण को पति रूप में चुना था। पिता और भाई के विरोध के बावजूद रूक्मणी ने दूत के माध्यम से श्रीकृष्ण को संदेश भेजा, जिसके बाद भगवान रूक्मणी का हरण कर उन्हें द्वारिका ले गए और विधि-विधान से विवाह किया।
कथा के समापन पर आरती और प्रसाद वितरण हुआ। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह, सांसद राजकुमार चाहर, गो सेवा आयोग अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा, कालीचरण सुमन, भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष पंडित देवेंद्र रावत, रालोद जिलाध्यक्ष गोविंद शर्मा, युवामोर्चा जिला अध्यक्ष हरिओम रावत सहित अनेकों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

