डीआईजी रिश्वतकांड में बड़ा खुलासा — अभिनेता से बिचौलिया बना कृष्णु शारदा पुलिस गिरफ्त में
(पटियाला)। डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर रिश्वतकांड में नया मोड़ सामने आया है। मामले के दूसरे आरोपी के रूप में नाभा की हरिदास कॉलोनी निवासी कृष्णु शारदा को गिरफ्तार किया गया है। साधारण परिवार से आने वाला यह युवक कभी बेहतरीन हॉकी खिलाड़ी था और उसने बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार की एक फिल्म में अभिनय भी किया था।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कृष्णु नवजोत सिंह सिद्धू और पूर्व मंत्री साधु सिंह धर्मसोत के निकट रहा। उसी दौरान उसने सिद्धू के इंटरनेट मीडिया अकाउंट को भी संभाला, जिससे उसकी पहचान कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से हुई।
धीरे-धीरे कृष्णु ने इन संबंधों का लाभ उठाते हुए डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर का भरोसा जीत लिया और उसका सबसे करीबी व्यक्ति बन गया। इतना कि उसे डीआईजी के दफ्तर में बिना अनुमति प्रवेश की आज़ादी थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह डीआईजी और अन्य लोगों के बीच रिश्वत के लेन-देन का बिचौलिया बन गया था।
जांच एजेंसियों ने कृष्णु की गिरफ्तारी के बाद उसके राजनीतिक संपर्कों और आर्थिक लेनदेन के दस्तावेज़ों को खंगालना शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कई बड़े नामों का खुलासा हो सकता है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, “कृष्णु की भूमिका इस पूरे मामले में बेहद अहम है। वह सिर्फ संदेशवाहक नहीं, बल्कि लेनदेन का अहम हिस्सा था।”
मामले की जांच विजिलेंस ब्यूरो की विशेष टीम कर रही है, जो जल्द ही इस रिश्वतकांड से जुड़ी नई परतें खोल सकती है।
रिपोर्ट: अबतक टीवी संवाददाता, पटियाला
