लखनऊ के कपूरथला इलाके में गैलेक्सी क्लासेज अचानक बंद हो गई। आरोप है कि कोचिंग संचालक 500 से ज्यादा छात्रों से फीस लेने के बाद फरार हो गया।
की राजधानी लखनऊ के कपूरथला इलाके में एक कोचिंग संस्थान के अचानक बंद होने से सैकड़ों छात्रों में हड़कंप मच गया। आरोप है कि गैलेक्सी क्लासेज नाम की कोचिंग के संचालक ने 500 से ज्यादा छात्रों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के नाम पर फीस वसूली और अब संस्थान बंद कर फरार हो गया है।
बताया जा रहा है कि गैलेक्सी क्लासेज में SSC, UP पुलिस, TET समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती थी। छात्रों के मुताबिक, उनसे करीब 15 हजार रुपये सालाना के हिसाब से फीस ली गई थी। और तो और कई महीनों से टीचरों को भी सैलरी नहीं दी गई थी। अब जब छात्र कोचिंग पहुंचे तो ताला लटका मिला। इस पूरे मामले में कोचिंग का मालिक और मैनेजर दोनों फरार बताए जा रहे हैं।
धामी ने शुरू की ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’
एक अन्य खबर में, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को युवाओं के लिए ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का शुभारंभ किया। योजना के प्रथम चरण में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे प्रदेश के 11 हजार प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और विशेषकर पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर मार्गदर्शन और समान अवसर उपलब्ध कराना है।
योजना का लाभ प्रदेश के राजकीय एवं शासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों और राज्य विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत पात्र छात्र-छात्राओं को मिलेगा। इसके तहत अलग-अलग प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को विशेषज्ञ शिक्षकों के माध्यम से ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए केवल मेहनत ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही दिशा, बेहतर रणनीति, अच्छे शिक्षकों का मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि योजना के जरिए प्रतिभाशाली युवाओं के सपनों की राह में आर्थिक तंगी को बाधा नहीं बनने दिया जाएगा।
अलग-अलग परीक्षाओं के लिए तय किया गया लक्ष्य
योजना के पहले चरण में कुल 11 हजार विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों का लक्ष्य इस प्रकार निर्धारित किया गया है-
- यूपीएससी एवं राज्य लोकसेवा आयोग: 2,000 विद्यार्थी
- एसएससी, रेलवे, बैंकिंग एवं समकक्ष परीक्षाएं: 5,000 विद्यार्थी
- रक्षा सेवाओं की परीक्षाएं: 2,000 विद्यार्थी
- नेट, गेट, सीएसआईआर एवं जेआरएफ: 1,000 विद्यार्थी
- कैट, मैट एवं अन्य प्रबंधन प्रवेश परीक्षाएं: 1,000 विद्यार्थी

