नीति आयोग द्वारा जिलाधिकारी को किया गया सम्मानित
कौशाम्बी। नीति आयोग द्वारा लाल बहादुर शास्त्री नेशनल एकेडमी ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन, मंसूरी में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी, कौशाम्बी मधुसूदन हुल्गी को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही नीति आयोग ने जनपद कौशाम्बी को 5 लाख रुपए और एक लाख रुपए का पुरस्कार भी प्रदान किया है।
ज्ञात हो कि नीति आयोग द्वारा जिलाधिकारी को “कृषि सम्बन्धी निर्णय लेने के लिए मृदा स्वास्थ्य कार्ड” शीर्षक में प्रथम स्थान प्राप्त होने व स्वास्थ्य सुविधाओं और रचनात्मक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में प्रजेंटेंशन के माध्यम से डेटा अंतर्दृष्टि और मूल कारण विश्लेषण, किए गए हस्तक्षेप, कार्यान्वयन प्रक्रिया तथा लाभार्थियों पर प्रभाव विषय पर प्रकाश डाला।
मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत कसेदा में हुआ जागरूकता कार्यक्रम
कौशाम्बी। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत,कसेदा में महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
ज्ञात हो कि कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं/बालिकाओं को महिला सशक्तिकरण, स्वावलंबन एवं स्वास्थ्य संबंधी विषय पर जानकारी/जागरूक किया गया। कार्यक्रम में गोदभराई एवं अन्नप्राशन संस्कार का आयोजन किया गया। शासन द्वारा संचालित महिलापरक योजनाओं तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों (1090, 181, 1076, 112 आदि) की जानकारी देकर उनके उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा उपस्थित महिलाओं को स्वास्थ्य, पोषण एवं संतुलित आहार के महत्व के विषय में विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम में आशा बहुएँ,आंगनवाड़ी कार्यकत्री एवं महिलाएँ व बालिकाएँ उपस्थित रहीं।
“मिशन शक्ति” एवं “यातायात जागरूकता अभियान” के तहत पुलिस लाइन कौशाम्बी में कार्यक्रम आयोजित
कौशाम्बी। रिजर्व पुलिस लाइन्स जनपद कौशाम्बी में पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी राजेश कुमार के कुशल निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह तथा क्षेत्राधिकार कौशांबी/ यातायात/लाईन्स जनेश्वर प्रसाद पाण्डेय के कुशल पर्यवेक्षण में आयोजित "मिशन शक्ति अभियान" व "यातायात नियमों व सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान" अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में समस्त प्रशिक्षु आरक्षियों, पुलिस लाइन के समस्त महिला एवम पुरुष अधिकारी/कर्मचारीगण तथा जनपद के सभी थानों से प्रतिनिधित्व में उपनिरीक्षक व आरक्षियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
ज्ञात हो कि इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी कौशांबी जनेश्वर प्रसाद पाण्डेय द्वारा मिशन शक्ति अभियान अंतर्गत महिला पुलिसकर्मियों की आवश्यक ब्रीफिंग की गई एवं सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में तथा महिलाओं की सहायता के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी के साथ-साथ मिशन शक्ति अभियान को सफल कराए जाने के लिए महिला पुलिसकर्मियों को उनके कार्य एवं दायित्व की भली-भांति जानकारी उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर पंकज शर्मा मुख्य प्रशिक्षक ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्क लखनऊ द्वारा महिला शशक्तिकरण, स्वावलंबन, सुरक्षा के विषय मे ब्रीफ़िंग किया गया साथ ही यातायात नियमों के संबंध में विस्तृत रूप से सड़क दुर्घटना के कारण एवं सावधानियां, गुड- सीमेटेरियन,आई.टी.एम. एस. की कार्य-प्रणाली एवम अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई। सभी अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा अन्य लोगों को यातायात नियमो का पालन करने के लिए प्रेरित करने की शपथ ली गई। पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी राजेश कुमार द्वारा पंकज शर्मा को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी कौशाम्बी /लाइन्स जनेश्वर प्रसाद पाण्डेय, प्रतिसार निरीक्षक देवपाल, RTC प्रभारी/ निरीक्षक शिवचरण, रिजर्व पुलिस लाईन्स व जनपद के विभिन्न थानों से लगभग 150 अधिकारी/कर्मचारी तथा 400 प्रशिक्षु आरक्षी व अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।
महिला मैराथन दौड़ मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत आयोजित
कौशाम्बी। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय,सरसवा में महिला मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया।
ज्ञात हो कि उप क्रीड़ाधिकारी अजय प्रताप साहू एवं सहायक अध्यापिका मीना मौर्या ने झण्ड़ी दिखाकर मैराथन दौड़ का शुभारंभ किया। इस मैराथन दौड़ में 26 बालिकाओं ने प्रतिभाग किया।
मैराथन दौड़ में प्रथम स्थान सपना, द्वितीय स्थान सचना एवं तृतीय स्थान कविता ने प्राप्त किया। विजेता महिला खिलाड़ियों को मेड़ल देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर नीरज सिंह सहायक अध्यापक, पुष्पा चैधरी, सुभाष सोनी, वरिष्ठ सहायक श्यामजी आदि उपस्थित रहें।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर शिविर आयोजित
कौशाम्बी। महर्षि कॉलेज ऑफ़ लॉ कौशांबी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में शुक्रवार को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया । उक्त शिविर में जिला प्रोबेशन अधिकारी, कौशाम्बी मंतशा बानो मुख्य अतिथि थी इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्तमान परिपेक्ष में मानसिक अवसाद युवाओं में व्यापक रूप से व्याप्त हो गया है इसके निराकरण के लिए हम सभी को प्रयास करना होगा इस विषय पर ज्यादा प्रकाश डालते हुआ डॉक्टर नितेश सिंह मानसिक रोग विशेषज्ञ ने युवाओं एवं अधिवक्ताओं में कार्य को लेकर दबाव पर चर्चा करते हुए कहा कि वर्तमान समय में यह वर्ग मानसिक अवसाद का शिकार हो रहा है इसके निराकरण के लिए सरकार बहुत सारे प्रयास कर रही है इस अवसर पर महर्षि कॉलेज ऑफ़ लॉ के प्रबंधक एवं समाजसेवी प्रखर श्रीवास्तव ने युवाओं में बढ़ते सोशल मीडिया के प्रभाव पर चर्चा करते हुए कहा कि उन्हें अधिक से अधिक अपना सार्थक समय समाज के उत्थान के लिए लगाना चाहिए बाल कल्याण समिति, अध्यक्ष कमलेश द्वारा शिविर में उपस्थित बच्चो को बाल कल्याण समिति द्वारा चलाये जा रही योजनाओं एवं समिति द्वारा किये जा रहे कार्यो के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गयी। जिला बल सरंक्षण अधिकारी अजीत कुमार द्वारा छात्रों को उनके विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। इसके साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं महर्षि कॉलेज ऑफ़ लॉ के निशुल्क विधिक सहायता केंद्र के द्वारा सफलतापूर्वक इंटर्नशिप पूरा करने वाले छात्रों को उनके प्रमाण पत्र का वितरण भी किया गया इस अवसर के समापन पर महाविद्यालय के प्राचार्य बृजेश सिंह ने कहा कि महाविद्यालय अपने निशुल्क विधिक सहायता केंद्र के द्वारा समाज के उत्थान के लिए आगे भी ऐसे कार्यों को करता रहेगा इस अवसर पर महाप्रबंधक समर अब्बास, डॉ सुरेश कुमार पांडे, डॉ मयंक श्रीवास्तव, जितेंद्र सिंह, सुनील कुमार, पैरा लीगल वालंटियर कृष्णा कपूर एवं महाविद्यालय की लीगल एड इंचार्ज आदि उपस्थित है
जिलाधिकारी ने की आकांक्षात्मक विकास खण्डों की समीक्षा
कौशाम्बी। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शुक्रवार को उदयन सभागार में आकांक्षात्मक विकास खण्डों की समीक्षा की।
ज्ञात हो कि बैठक में जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारियों से कहा कि आवंटित ग्रामों के भ्रमण के दौरान पैरामीटर की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाय। उन्होंने कहा कि ग्राम की समस्या का समाधान ग्राम में तैनात कार्मिकों से समन्वय कर कराया जाय। आमजन के व्यवहार में परिवर्तन लाया जाय। उन्होंने कहा कि वी.एच.एस.एन.डी. सेशन के भ्रमण के दौरान टीकाकरण की ड्यूलिस्ट सहित आदि ड्यूलिस्ट का गहनता से अवलोकन कर छूटे हुए का टीकाकरण कराया जाय। आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं ए.एन.एम. के कार्यों की नियमित निगरानी/समीक्षा की जाय। विद्यालयों के भ्रमण के दौरान बच्चों के होमवर्क एवं क्लास वर्क की जांच की जाय कि बच्चों ने होमवर्क/क्लास वर्क किया है या नहीं किया है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहें।
सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग : कौशाम्बी पुलिस ने हासिल की 6वीं रैंक
कौशाम्बी। जनपद कौशाम्बी पुलिस ने मुख्यालय से जारी सितंबर माह की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के 75 जनपदों में 6वीं रैंक प्राप्त की है।
ज्ञात हो कि यह उपलब्धि पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के कुशल नेतृत्व एवं समस्त पुलिस बल के परिश्रम, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है।
सीएम डैशबोर्ड में विभिन्न पैरामीटर्स जैसे अपराध नियंत्रण, अभियोगों के निस्तारण, महिला सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, मिशन शक्ति एवं अन्य प्राथमिकताओं में जनपद कौशाम्बी पुलिस का प्रदर्शन सराहनीय रहा है।
इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी ने टीम कौशाम्बी पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा एवं सेवा के लिए इसी प्रकार समर्पण भाव से कार्य करते रहें।
कलयुगी बेटे ने संपत्ति की लालच में मां की हत्या कर फांसी पर लटका दिया था शव
कौशाम्बी। जिले के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र में मां-बेटे के रिश्ते को कलंकित करने वाला मामला सामने आया है। जहा एक कलयुगी बेटे ने ज़मीन और रुपयों की लालच में अपनी ही मां की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी के फंदे से लटका दिया।
ज्ञात हो कि घटना ग्राम खेवरां की है जहा की शांता देवी पत्नी शिव प्रसाद सिंह का कुछ दिन पहले उनका शव घर के अंदर संदिग्ध हालत में फांसी के फंदे से लटकता हुआ शव मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो मामला संदिग्ध लगा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई।
पुलिस ने मृतका के भाई जय सिंह की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतका का बेटा किशन किशोर उर्फ बीनू पर शक गहराया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे जनपद चित्रकूट से अरेस्ट कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने ज़मीन और रुपयों को लेकर मां की हत्या की थी। उसने बताया कि मां ने तीन लाख रुपये देने से मना कर दिया था, जिससे गुस्से में आकर उसने यह कदम उठा लिया। हत्या के बाद आरोपी ने शव को फांसी पर लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या जैसा लगे।

