ब्यूरो चीफ सुजीत कुमार कानपुर नगर
कानपुर की अंडर-14 बालिका बास्केटबॉल टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहुँची
सुजानगढ़ (राजस्थान) में 20 से 23 नवंबर तक आयोजित 36वीं विद्या भारती राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में कानपुर की अंडर-14 बालिका बास्केटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रही जय नारायण विद्या मंदिर और जुगल देवी सरस्वती विद्या मंदिर की संयुक्त टीम ने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए पंजाब और राजस्थान की टीमों को पराजित किया।
टीम मैनेजर आशुतोष सत्यम झा के अनुसार टीम की कप्तान सुनीति यादव, यशिका यादव और अग्रिम (जय नारायण विद्या मंदिर) तथा स्नेहा और सरस्वती (जुगल देवी सरस्वती विद्या मंदिर) ने उल्लेखनीय खेल दिखाकर टीम को सेमीफाइनल तक पहुँचाया है।
प्रतियोगिता का उद्घाटन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष मुख्तेज़ सिंह बदेशा तथा राजस्थान क्षेत्र के खेल एवं शारीरिक प्रमुख सत्यनारायण मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। वहीं क्षेत्रीय शारीरिक प्रमुख जगदीश कुमार सिंह ने टीम को आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएँ दीं।

