युवराज गौतम
संवाददाता बंथरा
लखनऊ में 11वीं की छात्रा से गैंगरेप: पांच युवकों ने अगवा कर आम के बाग में दुष्कर्म किया, बहन के घर जा रही थी
लखनऊ में 11वीं कक्षा की छात्रा के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई है। पीड़िता अपनी बड़ी बहन के घर जा रही थी, तभी पांच युवकों ने उसे अगवा कर एक बाग में दुष्कर्म किया। 17 वर्षीय दलित छात्रा इलाके के एक स्कूल में पढ़ती है। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे छात्रा बहन को देखने के लिए अपने घर से निकली थी। पीड़िता की बड़ी बहन हरौनी पुलिस चौकी के अंतर्गत एक गांव में रहती हैं, जहां हाल ही में उनकी डिलीवरी हुई थी। पुलिस के अनुसार, रास्ते में उसने अपने परिचित युवक को बुलाया और दोनों बाइक से मोहान रोड स्थित हरौनी पेट्रोल पंप पहुंचे। पेट्रोल पंप से कुछ दूर एक आम के बाग में बैठकर वे बातचीत कर रहे थे, तभी पांच अज्ञात युवक वहां पहुंचे और उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। परिचित युवक को पीटकर भगाया विरोध करने पर युवकों ने परिचित को पीटकर भगा दिया। इसके बाद पांचों आरोपियों ने छात्रा के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद छात्रा ने तुरंत अपने बहनोई को सूचना दी, जो उसे हरौनी पुलिस चौकी ले गए और पूरी घटना बताई। सूचना मिलने पर बंथरा थाना प्रभारी और एसीपी कृष्णा नगर मौके पर पहुंचे और पीड़िता से पूछताछ की। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हालांकि, बंथरा थाना प्रभारी राणा राजेश सिंह ने किसी को हिरासत में लेने की बात से इनकार किया है। उन्होंने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। पुलिस ने उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की तैयारी की जा रही है।

