दुबग्गा पटाखा मंडी में पुलिस उपायुक्त ने किया आकस्मिक निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश
संवाददाता विजय मिश्रा
लखनऊ। दीपावली पर्व के मद्देनज़र पटाखों की सुरक्षा और वैधता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्णा के निर्देश पर 10 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को थाना दुबग्गा क्षेत्र स्थित पटाखा मंडी का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण दल का नेतृत्व पुलिस उपायुक्त पश्चिमी विश्वजीत श्रीवास्तव ने किया। उनके साथ अपर पुलिस उपायुक्त पश्चिमी धनंजय सिंह कुशवाहा, सहायक पुलिस आयुक्त काकोरी शकील अहमद, मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल, बॉम्ब डिस्पोज़ल स्क्वॉयड, लोकल इंटेलिजेंस यूनिट तथा थाना प्रभारी दुबग्गा अभिनव कुमार वर्मा अपनी पुलिस टीम सहित मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान एशियन ट्रेडर्स, अजंता फायर वर्क्स, डायमंड फायर वर्क्स, भाई-भाई फायर वर्क्स, शिव इंटरप्राइजेज सहित सभी दुकानों के लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर और भंडारण मात्रा की बारीकी से जांच की गई। साथ ही अग्नि सुरक्षा उपकरणों जैसे फायर एक्सटिंग्विशर, बालू की बाल्टियां और पानी के ड्रम की उपलब्धता भी चेक की गई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों से फायर एक्सटिंग्विशर संचालित करने की जानकारी ली और मौके पर उसका डेमो कराया। निरीक्षण टीम ने यह भी सुनिश्चित किया कि दुकानों और गोदामों में बिजली का कनेक्शन न हो तथा सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा हो।
पुलिस उपायक्त पश्चिमी विश्वजीत श्रीवास्तव ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि लाइसेंस नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है, किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए सभी गतिविधियों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण रूप से सम्पन्न कराना है।

