13 अक्टूबर को चचेरे भाइयों की हुई थी लूट
यह मामला 13 अक्टूबर का है, जब प्रतापगढ़ के कटारी गांव निवासी शिवम शर्मा और उनके चचेरे भाई नीरज शर्मा सूरत से नौकरी करके लौट रहे थे। दोनों बस से फजलगंज उतरे और झकरकटी बस अड्डे जाने के लिए एक ऑटो में बैठे। ऑटो में पहले से मौजूद दो युवकों और चालक ने उन्हें रावतपुर की तरफ ले जाने का बहाना करते हुए एकांत जगह पर पहुंचाकर जमकर मारपीट की। आरोपियों ने शिवम के 10,500 और नीरज के साढ़े छह हजार रुपये छीनकर उन्हें ऑटो से उतार दिया। इस घटना के बाद पीड़ितों ने लूट और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था।
शातिर के खिलाफ 7 मुकदमे दर्ज
स्वरूप नगर के एसीपी श्री सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गोविंद नगर निवासी करन है। उसके खिलाफ फजलगँज, चकेरी समेत विभिन्न थानों में लूट और अन्य मामलों में 7 मुकदमे दर्ज हैं। उसकी शातिराना हरकतों के चलते उसके सिर पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
पुलिस को मुखबिर से करन के ठिकाने की सूचना मिली। शनिवार रात गोविंदपुरी पुल के नीचे पुलिस टीम ने उसे घेर लिया। घेराबंदी देखकर आरोपी ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में करन के पैर में गोली लगी। जख्मी आरोपी को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी है।
