राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर के साथ यूक्रेन युद्ध को लेकर करीब तीन घंटे तक बैठक की। अब बड़ा सवाल ये है कि सालों से चला आ रहा युद्ध क्या अब रूक जाएगा?
रूस-यूक्रेन के बीच सालों से जारी युद्ध को खत्म के लिए एक बार फिर से कवायत शुरू हो गई है। इस कड़ी में अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर यूक्रेन युद्ध पर बातचीत के लिए मॉस्को के दौरे पर हैं। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 72 घंटे तक कीव पर हमले रोकने का आदेश दिया है। इस बीच शनिवार को क्रेमलिन में रूसी राष्ट्रपति ने अमेरिकी शांति दूतों मुलाकात की।
पहले ही यह घोषणा कर दी गई है कि अमेरिकी विशेष प्रतिनिधियों के साथ रूसी नेता की बातचीत जानकारी मीडिया को भी दी जाएगी। बता दें कि यूक्रेन पर रूस के बड़े पैमाने पर हमले को खत्म करने की रुकी हुई कोशिशों को फिर से शुरू करने के लिए अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर शनिवार को मॉस्को पहुंचे। यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब दोनों पक्षों ने हवाई हमले तेज कर दिए हैं।
लाल ड्रॉइंग रूम में 3 घंटे तक चला मंथन
पुतिन, कुशनर और विटकॉफ के बीच बंद कमरे में करीब तीन घंटे से ज्यादा समय तक बातचीत हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के संभावित उपायों पर चर्चा करना था। बैठक रूस के उस ऐतिहासिक लाल रंग के ड्रॉइंग रूम में हुई, जो महत्वपूर्ण समझौतों के लिए जाना जाता है। इस कमरे में आमतौर पर तभी प्रतिनिधिमंडल बुलाया जाता है जब कोई अहम समझौता होने वाला हो।
बैठक का वीडियो आया सामने
पुतिन के हाथ में लाल रंग का फोल्डर था, जबकि अमेरिकी प्रतिनिधियों के पास काले रंग के मोटे फोल्डर थे। इस दृश्य ने मीडिया में व्यापक चर्चा छेड़ दी है कि दोनों पक्षों के बीच कोई गुप्त समझौता हो रहा है या नहीं। मॉस्को में बैठक की शुरुआत में, पुतिन ने कुशनर और विटकॉफ से ट्रंप तक अपनी शुभकामनाएं और आभार पहुंचाने को कहा और यूक्रेन की स्थिति को "आसान नहीं" बताया।
Advertisement
तो क्या हो गई बड़ी डील?
क्रेमलिन के अधिकारी यूरी उशाकोव के अनुसार, अमेरिकी प्रतिनिधियों ने युद्ध समाप्त करने के लिए कई संभावित विचार और रास्ते प्रस्तुत किए। हालांकि, उन्होंने इन प्रस्तावों का विवरण सार्वजनिक नहीं किया। पुतिन ने बैठक के दौरान कहा कि रूस युद्ध के मैदान में लगातार आगे बढ़ रहा है और अपने लक्ष्यों को हासिल करने को लेकर आश्वस्त है। उन्होंने जोर दिया कि युद्ध समाप्त करने के लिए संघर्ष के मूल कारणों को दूर करना आवश्यक है। रूस लंबे समय से इसी रुख पर अड़ा हुआ है।
बता दें कि हाल के हफ्तों में रूस और यूक्रेन दोनों ने एक-दूसरे के इलाकों पर मिसाइल और ड्रोन हमले तेज कर दिए हैं। यूक्रेन के लंबी दूरी के हमलों ने रूस के मिलिट्री ठिकानों, तेल रिफाइनरियों और ई-कॉमर्स हब को निशाना बनाया है। इनका मकसद क्रेमलिन की युद्ध की कोशिशों और अर्थव्यवस्था को कमजोर करना है, साथ ही आम नागरिकों को युद्ध के नतीजों का एहसास कराना भी है। रूसी सेना ने 24 फरवरी, 2022 को यूक्रेन पर पूर्ण आक्रमण शुरू किया था।
कीव का भी दौरा करेंगे शांति दूत
बैठक के बाद अमेरिकी दूतों ने कोई तत्काल सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया। विटकॉफ और कुशनर जनवरी के बाद पहली बार मास्को पहुंचे थे। यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि शांति प्रक्रिया के तहत दोनों अमेरिकी दूत पहली बार यूक्रेन की राजधानी कीव का भी दौरा करेंगे।

