उत्तर प्रदेश के कुशीनगर के पडरौना से कप्तानगंज की ओर जा रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने शनिवार को जिले में लगातार तीन बाइक सवारों को टक्कर मार दी।उत्तर प्रदेश के कुशीनगर के पडरौना से कप्तानगंज की ओर जा रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने शनिवार को जिले में लगातार तीन बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। आरोप है कि कंटेनर चालक नशे में धुत था। घटना के बाद चालक कंटेनर लेकर मौके से भागने लगा, लेकिन राहगीरों और दुकानदारों ने उसे घेरकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, कंटेनर चालक ने सबसे पहले पडरौना कोतवाली क्षेत्र के अब्दुलचक गांव के सामने एक बाइक सवार को टक्कर मारी। हादसे के बाद चालक रुका नहीं और तेज रफ्तार में कंटेनर लेकर कप्तानगंज की ओर भागने लगा। इसके बाद रामकोला थाना क्षेत्र के चंदरपुर गांव के सामने उसने दूसरे बाइक सवार को ठोकर मार दी। हादसे में घायल चंद्रेश राजभर (15) की इलाज के लिए ले जाते समय मौत हो गई।
गोबरही चौराहे के पास तीसरे युवक को कुचला
इसके बाद भी कंटेनर चालक ने वाहन नहीं रोका। गोबरही चौराहे के पास तीसरे बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार को करीब आधा किलोमीटर तक घसीटता हुआ कंटेनर आगे बढ़ गया। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
लोगों ने कंटेनर घेरा, चालक पुलिस के हवाले
लगातार हादसों से आक्रोशित राहगीरों और दुकानदारों ने विशुनपुरा मोड़ के पास कंटेनर को घेर लिया। लोगों ने ईंट-पत्थर चलाकर वाहन को रुकवाया और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हादसे में मृतकों की पहचान मोतीलाल (36), चंद्रेश राजभर (15) और सुभाष पाण्डेय (30) के रूप में हुई है। सुभाष पाण्डेय रामबर बुजुर्ग, थाना रामकोला के निवासी थे।पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कंटेनर को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया। चालक के नशे में होने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

