बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में आधुनिक और सुव्यवस्थित परिवहन व्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में बरेली को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। शहर को जाम की स्थायी समस्या से निजात दिलाने के लिए “योगी मॉडल ट्रांसपोर्ट” के तहत बस अड्डों को शहर के बाहर विकसित किया जा रहा है। इसी कड़ी में सेटेलाइट क्षेत्र में प्रस्तावित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
यह टर्मिनल पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर विकसित किया जाएगा, जिसके लिए नया और व्यावहारिक ब्लू-प्रिंट तैयार किया जा रहा है। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी के अनुसार, नई कार्ययोजना के तहत मौजूदा बस अड्डे के पीछे स्थित रोडवेज वर्कशॉप की भूमि पर ही अंतरराज्यीय बस टर्मिनल बनाया जाएगा। इससे अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) जैसी औपचारिकताओं से मुक्ति मिलेगी और निर्माण कार्य मार्च 2026 से शुरू हो सकेगा।
देश के बड़े राज्यों से जुड़ा है सेटेलाइट बस अड्डा
सेटेलाइट बस अड्डे से दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, चंडीगढ़ और उत्तराखंड सहित कई राज्यों के लिए बसों का संचालन होता है। पीपीपी मॉडल पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस टर्मिनल के विकसित होने से यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी।
इज्जतनगर में अत्याधुनिक बस अड्डा
इज्जतनगर में केंद्रीय कारागार के पास 2.285 हेक्टेयर भूमि पर 16.72 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा रोडवेज बस अड्डा तेजी से निर्माणाधीन है। परियोजना का करीब 65.5 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शासन ने निर्माण की समयसीमा 30 जून 2026 तक बढ़ा दी है, ताकि गुणवत्ता और आधुनिक सुविधाओं के साथ कार्य पूर्ण किया जा सके।
बदायूं रोड–चौबारी में डबल टर्मिनल
बदायूं रोड पर कुल छह एकड़ में दो बड़े बस अड्डों का निर्माण प्रस्तावित है। तीन एकड़ में रोडवेज बस अड्डा और तीन एकड़ में प्रधानमंत्री इलेक्ट्रिक बस सेवा के लिए अलग टर्मिनल (चौबारी) को शासन की मंजूरी मिल चुकी है। यहां से बदायूं रोड की सभी बसों का संचालन किया जाएगा।
झुमका तिराहा पर बनेगा स्मार्ट बस टर्मिनल
दिल्ली और रामपुर रूट की बसों के लिए झुमका तिराहा पर 20 एकड़ में अत्याधुनिक बस टर्मिनल का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसके साकार होने पर इस रूट का ट्रैफिक शहर के बाहर शिफ्ट हो जाएगा।
ऐसे ट्रैफिक फ्री होगा बरेली
नैनीताल रूट: इज्जतनगर बस स्टैंड
दिल्ली/लखनऊ रूट: सेटेलाइट/झुमका तिराहा
बदायूं–आगरा रूट: बदायूं रोड रोडवेज टर्मिनल
लखनऊ रूट: सेटेलाइट बस स्टैंड
फरीदपुर और फतेहगंज पश्चिमी में संचालन शुरू
फतेहगंज पश्चिमी में परिवहन निगम ने करीब 2.5 करोड़ रुपये की लागत से बस अड्डा बनाकर तैयार कर लिया है। भिटौरा रोड स्थित इस बस अड्डे का निर्माण वर्ष 2022 में शुरू हुआ था। वहीं, फरीदपुर में बने बस अड्डे का उद्घाटन मार्च 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। दोनों स्थानों पर रोडवेज बसों का संचालन शुरू हो चुका है।
इन सभी योजनाओं के धरातल पर उतरने से बरेली को जाम की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी और शहर को एक आधुनिक, सुगम व सुरक्षित परिवहन व्यवस्था का लाभ मिलेगा। रिपोर्ट- वीरेन्द्र सिह

