संविधान की जागरूकता हेतु जिले में पहुँचेगी संविधान रथ यात्रा
डॉ. आंबेडकर संवैधानिक महासंघ का जनजागरण अभियान
डॉ. आंबेडकर संवैधानिक महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजेश कुमार सिद्धार्थ के नेतृत्व में संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के मूल्यों के प्रचार-प्रसार हेतु निकाली जा रही “संविधान रथ यात्रा” जिले में विभिन्न स्थानों पर पहुँचेगी।
श्री सिद्धार्थ ने जानकारी देते हुए बताया कि इस यात्रा का शुभारंभ 28 जनवरी को लखनऊ में उत्तर प्रदेश विधानसभा के सामने से किया गया, जहाँ से 75 रथ प्रदेश के 75 जनपदों के लिए रवाना किए गए। यह यात्रा डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों, संविधान की प्रस्तावना तथा नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि 1 फरवरी को संविधान रथ यात्रा विधानसभा क्षेत्र 152 सिधौली में आयोजित संत शिरोमणि रविदास जयंती कार्यक्रम में शामिल होगी। इसके बाद 2 फरवरी को यात्रा अटरिया क्षेत्र के ग्राम सहजनपुर तथा 3 फरवरी को ग्राम रामनगर पहुँचेगी, जहाँ स्थानीय नागरिकों के साथ संविधान पर संवाद और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि संविधान केवल कानून की पुस्तक नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता और न्याय का आधार है। इस यात्रा का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को संविधान से जोड़ना और लोकतांत्रिक चेतना को मजबूत करना है।
डॉ. आंबेडकर संवैधानिक महासंघ ने जिले की जनता से अपील की है कि वे संविधान रथ यात्रा का स्वागत करें और कार्यक्रमों में भाग लेकर संविधान के मूल्यों को सुदृढ़ बनाने में सहयोग करें।

