बीकेटी, लखनऊ। बक्शी का तालाब (बीकेटी) ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत मदारीपुर सहित कई गांवों में गरीब बस्तियों की दयनीय स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार और संबंधित अधिकारियों द्वारा उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे लोगों को कीचड़ और बदहाल रास्तों से होकर गुजरने को मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को लेकर भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) पर भरोसा जताया और पार्टी पदाधिकारियों को मौके पर बुलाकर अपनी परेशानियां बताईं। इस दौरान ग्रामीणों ने बस्तियों की खराब हालत, जल निकासी की समस्या और आवागमन में आ रही दिक्कतों को दिखाते हुए जल्द समाधान की मांग की। आजाद समाज पार्टी(कांशीराम) बीकेटी के विधानसभा अध्यक्ष सुशील सिंह बौद्ध ने ब्लॉक अधिकारियों पर लापरवाही और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा मनमानी और भ्रष्टाचार को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिसका खामियाजा गरीब ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों का लेखा-जोखा तैयार कर पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा और जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब भी लिया जाएगा। सुशील सिंह बौद्ध ने प्रशासन से मांग की कि ग्राम पंचायत मदारीपुर सहित ग्राम पंचायत शिवपुरी में खराब पड़ी नालियों की सफाई कराई जाए और बस्तियों में जमा कीचड़ को हटाकर रास्तों को आवागमन योग्य बनाया जाए। उन्होंने कहा कि आजाद समाज पार्टी गरीबों और वंचित वर्गों की समस्याओं को लेकर गंभीर है और पार्टी इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रहेगी।
