गोरखपुर। एम्स थाना क्षेत्र के कुसम्ही स्थित कान्हा गैस एजेंसी पर शनिवार को गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
स्थिति यह रही कि उपभोक्ता शनिवार रात करीब एक बजे से ही लाइन लगाकर खड़े हो गए, जिससे एजेंसी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सुबह होते-होते भीड़ इतनी बढ़ गई कि गैस लेने को लेकर लोगों के बीच धक्का-मुक्की भी शुरू हो गई।
सूचना मिलने पर जगदीशपुर चौकी प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस की मौजूदगी में उपभोक्ताओं को व्यवस्थित तरीके से गैस सिलेंडर का वितरण कराया गया, जिससे स्थिति सामान्य हुई।
इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) अरुण सिंह ने बताया कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। गैस एजेंसी पर सिलेंडर की आपूर्ति पहुंच चुकी है और एक-दो दिनों में स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।
