ललितपुर। जल संस्थान झांसी डिवीजन की शाखा जल संस्थान ललितपुर के ग्रामीण क्षेत्र में कार्यरत पंप ऑपरेटर व लाइनमैन मजदूरों ने न्यूनतम मजदूरी दिलाने तथा आउटसोर्सिंग सेवा निगम में शामिल किए जाने की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र सौंपा है।
मजदूरों का कहना है कि वे वर्ष 2001 से जल संस्थान के अंतर्गत ईमानदारी से कार्य कर रहे हैं, लेकिन उन्हें ठेकेदार के माध्यम से बहुत कम वेतन दिया जा रहा है। प्रार्थना पत्र में बताया गया कि पंप ऑपरेटर को लगभग 4000 रुपये प्रतिमाह तथा लाइनमैन मजदूर को करीब 5500 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाता है, जो शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी से काफी कम है।
मजदूरों का कहना है कि इतने कम वेतन में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है। बच्चों की पढ़ाई और घर खर्च चलाना भी कठिन हो गया है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा न्यूनतम मजदूरी तय की गई है, जिसका लाभ उन्हें भी मिलना चाहिए।
मजदूरों ने मांग की है कि शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी उनके बैंक खातों में दिलाई जाए और उन्हें आउटसोर्सिंग सेवा निगम में शामिल किया जाए। साथ ही उनकी आर्थिक समस्याओं को देखते हुए जल्द से जल्द समाधान किए जाने की मांग भी की गई है।
इस संबंध में मजदूरों ने संबंधित अधिकारियों से समस्या का शीघ्र निराकरण कराने की अपील की है।
