गोरखपुर। तिवारीपुर थाना क्षेत्र के घासी कटरा चौकी अंतर्गत भरपुरवा मोहल्ले में चाइनीज मांझे को लेकर हुआ विवाद अब दो पक्षों के बीच मारपीट के मामले में बदल गया है। इस संबंध में घायल युवक वामिक के पिता मिराज अहमद ने पड़ोस में रहने वाली महिला गुलशन, उसके पति, बेटों और उनके साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से भी थाने में तहरीर देकर मारपीट का आरोप लगाया गया है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर जांच कर रही है।
मिराज अहमद द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, शनिवार को उनका बेटा वामिक अपने घर की छत पर मौजूद था। उसी दौरान पड़ोस में रहने वाली गुलशन के बेटे और उनके कुछ दोस्त अपनी छत पर चाइनीज मांझे से पतंग उड़ा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान पतंग का मांझा वामिक की गर्दन में लग गया, जिससे वह घायल हो गया।तहरीर में कहा गया है कि जब वामिक और उसके परिवार के लोगों ने इस बात की शिकायत पड़ोस में रहने वाली गुलशन से की, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद गुलशन के बेटे और उनके दोस्त हॉकी-डंडा लेकर वामिक के घर पहुंच गए और वहां घुसकर मारपीट की। मिराज अहमद का आरोप है कि इस हमले में उनका बेटा वामिक गंभीर रूप से घायल हो गया और लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।परिवार के लोगों ने घायल वामिक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित पक्ष का यह भी दावा है कि पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसे पुलिस को साक्ष्य के तौर पर उपलब्ध कराया जा सकता है।
नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग
मिराज अहमद ने अपनी तहरीर में गुलशन, उसके पति इमामुद्दीन, उनके बेटों और उनके दोस्तों के खिलाफ नामजद शिकायत देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि घटना के बाद भी कथित आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे परिवार भय और तनाव में है।
दूसरे पक्ष ने भी लगाया मारपीट का आरोप
हालांकि, इस मामले में थाना अध्यक्ष तिवारीपुर पंकज कुमार सिंह ने बताया कि महिला गुलशन की ओर से भी थाने में तहरीर दी गई है। उनके अनुसार, गुलशन ने अपनी शिकायत में मिराज अहमद, उनके बेटे व परिवार के अन्य लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है।
तिवारीपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
चाइनीज मांझे पर फिर उठे सवाल
यह मामला एक बार फिर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खुलेआम इस्तेमाल और बिक्री पर सवाल खड़े करता है। प्रदेश सरकार द्वारा प्रतिबंध और सख्ती के निर्देशों के बावजूद कई इलाकों में अब भी इसका उपयोग जारी है, जिससे आए दिन हादसे और विवाद सामने आते रहते हैं।
जांच के बाद होगी स्थिति साफ
फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप लगाए गए हैं। ऐसे में अब पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच, तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगी।
