बाँदा, 04 अप्रैल 2026। प्रशासनिक सतर्कता जब ज़मीनी हकीकत से टकराती है, तब विकास कार्यों की वास्तविक परीक्षा होती है। इसी क्रम में जिलाधिकारी जे. रीभा ने केन-बेतवा लिंक परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन मुख्य केन नहर का औचक निरीक्षण कर यह स्पष्ट कर दिया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।
जिलाधिकारी की पैनी नजर केवल औपचारिक निरीक्षण तक सीमित नहीं रही, बल्कि उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता, उपयोग में लाई जा रही सामग्री और कार्य की गति—तीनों पहलुओं को गंभीरता से परखा। अधिशाषी अभियंता को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए, ताकि परियोजना का वास्तविक लाभ क्षेत्र की जनता तक समय पर पहुँच सके।
निरीक्षण के दौरान नहर पर बन रहे पुलों एवं रपटों की भी बारीकी से समीक्षा की गई। निर्माण सामग्री की जांच कर जिलाधिकारी ने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि गुणवत्ता के साथ किसी भी स्तर पर समझौता न हो।यह निरीक्षण केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि उस उत्तरदायित्व का प्रतीक है जिसमें विकास योजनाओं को धरातल पर प्रभावी और टिकाऊ बनाने की प्रतिबद्धता निहित है।

