पीलीभीत जनपद में अनाधिकृत बसों के संचालन पर आखिरकार प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। अमरिया और जहानाबाद क्षेत्र से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने आज बड़ा अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों पर करारा प्रहार किया।
एआरटीओ वीरेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात विधिभूषण मौर्य और थाना अध्यक्ष अमरिया के नेतृत्व में चलाए गए इस सघन चेकिंग अभियान के दौरान सड़कों पर दौड़ रही बसों और खड़ी वाहनों की बारीकी से जांच की गई। जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए—तीन बसें खुलेआम परमिट शर्तों का उल्लंघन करते हुए संचालित हो रही थीं, जबकि कुछ वाहन नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े मिले।
नियमों की अनदेखी करने वाली तीन बसों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें थाना अमरिया में निरुद्ध कर दिया गया। साथ ही इन पर 17,000, 17,000 और 18,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। नो पार्किंग में खड़े वाहनों के भी चालान काटे गए।
एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले 10 दिनों में ही जनपद के विभिन्न मार्गों पर चलाए गए अभियानों में 17 बसों के खिलाफ चालान और सीज की कार्रवाई की जा चुकी है, जिससे 2,40,000 रुपये का प्रशमन शुल्क वसूला गया है। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि परमिट शर्तों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। संदेश साफ है—नियम तोड़ोगे तो कार्रवाई तय है!
