तहसील लखीमपुर क्षेत्र के बगहा गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब 11000 वोल्ट की बिजली लाइन में हुई स्पार्किंग से खेतों में भीषण आग लग गई। इस आग में पासी समाज के किसान डालचंद भार्गव की करीब 12 बीघा गेहूं की तैयार फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।
घटना के बाद पीड़ित किसान और ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था। किसान डालचंद भार्गव के सामने अब आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच गया है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी न तो तहसील प्रशासन और न ही बिजली विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचा।
इससे ग्रामीणों और किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जर्जर बिजली लाइन और लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है। अगर समय रहते लाइन की मरम्मत कर दी जाती, तो इतनी बड़ी क्षति से बचा जा सकता था।
पीड़ित किसान ने जिला प्रशासन से मांग की है। तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए और बिजली विभाग की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।

