कौशाम्बी। जनपद में पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण के निर्देशन में रविवार को समस्त थानों, पुलिस चौकियों एवं पुलिस कार्यालयों में साप्ताहिक स्वच्छता अभियान चलाया गया।यह अभियान हर रविवार निरंतर रूप से संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिसकर्मियों ने श्रमदान करते हुए थाना परिसर, कार्यालय भवन, अभिलेख कक्ष, शस्त्रागार, मालखाना, हवालात एवं आवासीय परिसरों की गहन साफ-सफाई की। इसके साथ ही कूड़ा-करकट का समुचित निस्तारण कर परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं सुव्यवस्थित बनाया गया। इस स्वच्छता अभियान का उद्देश्य पुलिस विभाग में स्वच्छ, अनुशासित एवं सकारात्मक कार्य वातावरण तैयार करना तथा स्वच्छता ही सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।पुलिसकर्मियों ने नियमित स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया और आमजन को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने हेतु प्रेरित किया गया।एसपी सत्य नारायण ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वच्छता एक सतत प्रक्रिया है, इसलिए सभी थाना एवं कार्यालय परिसरों में नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। अभियान आगे भी प्रत्येक रविवार जारी रहेगा।
राजेश कुमार पत्रकार अब तक न्याय कौशांबी
