सीतापुर में नाबालिग किशोरी से छेड़खानी और मारपीट का मामला, परिजनों में आक्रोश"
रिपोर्ट सुधीर वर्मा अब तक न्याय
*सीतापुर।* जनपद के थानगांव थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक नाबालिग किशोरी के साथ खेतों में छेड़खानी और मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई। यह मामला ग्राम सभा सुजातपुर का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह लगभग 8 बजे किशोरी शौच के लिए खेतों की ओर गई थी। तभी गांव का ही एक युवक वहां पहुंचा और उसने किशोरी को रास्ते में रोक लिया। आरोपी ने बुरी नीयत से किशोरी को पकड़कर अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने और शोर मचाने पर युवक ने उसके साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गया।
घबराई हुई पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने तत्काल थानगांव थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
थानगांव पुलिस का कहना है कि “पीड़िता के दिव्यांग पिता द्वारा दी गई तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आवश्यकतानुसार पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।”
घटना के बाद से पीड़ित परिवार में गहरा आक्रोश व्याप्त है। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाने को मजबूर होंगे।
स्थानीय लोगों ने भी इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
