नशे में धुत चालक ने कार-स्कूटी को मारी टक्कर, बिजनौर में हंगामा – पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
लखनऊ। बिजनौर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक नशे में धुत कार चालक ने सड़क पर दो वाहनों को टक्कर मार दी। पहले उसने सामने से आ रही एक कार को टक्कर मारी और भागने के प्रयास में एक फल की दुकान के सामने खड़ी स्कूटी में जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर हंगामा मच गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी चालक की पहचान बलवंत खेड़ा निवासी बृजभान के रूप में हुई है, जो अपनी सेंट्रो कार से घर जा रहा था। वहीं, दूसरी कार अर्टिगा को बंथरा के लोनहा निवासी ऋषभ सिंह चला रहे थे, जो शाम करीब साढ़े छह बजे माती की ओर से लौट रहे थे।
बृजभान की कार ने सामने से आ रही अर्टिगा को जोरदार टक्कर मारी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी चालक नशे में था और हादसे के बाद भी कार लेकर भागने की कोशिश कर रहा था। भीड़ ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को भीड़ से बचाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पुष्टि की कि आरोपी चालक अत्यधिक नशे में था। उसके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
पीड़ित चालक ऋषभ सिंह की तहरीर पर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

