कौशाम्बी। सदस्य उ0प्र0 राज्य महिला आयोग प्रतिभा कुशवाहा ने वन स्टाफ सेंटर, जिला चिकित्सालय, मेडिकल कॉलेज एवं थाना मंझनपुर का निरीक्षण किया।
ज्ञात हो कि वन स्टाफ सेन्टर के निरीक्षण के दौरान समस्त स्टाफ उपस्थित व 9 पीड़िताएं आवासित पाई गई। सदस्य ने प्रत्येक पीड़िता से उनके रहन-सहन एवं खान-पान सहित विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए वन स्टाफ सेंटर में आने वाली समस्त पीडिताओं की समय-समय पर काउंसलिंग और विभाग द्वारा निर्धारित व्यवस्थानुसार उन्हें सुविधा प्रदान करने के निर्देश दिए। जिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने एन0आर0सी0 में रह रहे बच्चों को फल वितरित किया और अभिभावकों को निर्देशित किया कि बच्चों की अच्छे से देखभाल करें। महिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला प्रशिक्षुओं से संवाद कर उन्हें प्रेरित किया। थाना मंझनपुर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने मिशन शक्ति फेज-5, महिला हेल्प डेस्क रजिस्टर, जन शिकायत रजिस्टर का अवलोकन किया, जिसमें से माह अक्टूबर में 19 शिकायतें प्राप्त थी, जो निस्तारित थी। उन्होंने कहा कि थाने में आने वाली पीड़ित महिलाओं की काउंसलिंग की जाय एवं उनके साथ सम्मानपूर्वक बात की जाय।
सदस्य ने महादेव बालिका इंटर कॉलेज सेलरहा पश्चिम में मिशन शक्ति के अंतर्गत बालिकाओं को सशक्त होने, पढ़ाई पर ध्यान देने एवं आगे बढ़ने के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी प्रदान किया। महिला कल्याण विभाग द्वारा “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” अंतर्गत बालिकाओं की ड्राइंग मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया, जिसमें प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त बालिकाओं व उनकी टीम को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक व स्वास्थ्य विभाग के स्टाफ, जिला प्रोबेशन अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य व स्टाफ महिला कल्याण विभाग के कर्मचारियों सहित बालिकाएं उपस्थित रही।

