रिपोर्ट – दीप सिंह
नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़, थाना कार्रवाई पर असंतोष—पीड़िता पहुंची एसपी कार्यालय
कन्नौज। छिबरामऊ थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के साथ अधेड़ व्यक्ति द्वारा छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्थानीय थाने ने मामले में उचित कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद पीड़िता अपनी मां के साथ पुलिस अधीक्षक कन्नौज से न्याय मांगने पहुंची।
ग्राम पंचायत नौली निवासी मोहिनी ने एसपी कन्नौज को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांव के ही अशोक पुत्र रामाधार ने उनकी नाबालिग पुत्री के साथ कई बार अश्लील इशारे और हरकतें कीं। छात्रा ने जब यह बात अपनी मां को बताई, तो मां-बेटी आरोपी के परिवार के पास शिकायत करने गईं।
पीड़िता का आरोप है कि शिकायत करने पर समाधान मिलने की बजाय आरोपी अशोक और उसके बेटों ने उन्हें धमकाने और मारपीट करने का प्रयास किया। इसके बाद पीड़िता ने छिबरामऊ थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन वहां केवल औपचारिकता निभाई गई और ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
थाना स्तर की कार्रवाई से असंतुष्ट होकर पीड़िता एसपी कार्यालय पहुंची, जहां उसने पूरे प्रकरण में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की।

