राजन तिवारी, सीतापुर से रिपोर्ट
दरियापुर गन्ना सेंटर पर आदेशों की अनदेखी, किसानों में आक्रोश
सीतापुर। विकासखंड कसमंडा के दरियापुर सेक्टर A में गन्ना क्रय केंद्र पर गंभीर अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ रही हैं। किसानों का आरोप है कि केंद्र पर न केवल ओवरलोड गन्ना स्वीकार किया जा रहा है बल्कि उतराई का अवैध वसूलीनुमा दबाव भी बनाया जा रहा है।
किसानों ने बताया कि केंद्र पर तैनात कर्मचारियों की ओर से 60 किलो अतिरिक्त गन्ना लेने और उतराई शुल्क वसूलने की मजबूरी थोप दी जाती है। किसानों का कहना है कि यदि वे इस अतिरिक्त गन्ने और उतराई को देने से इनकार करते हैं तो तौल बंद करने की धमकी दी जाती है।
इसके अलावा, ओवरलोडिंग की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। ट्रैक्टर और ट्रक ओवरलोड भरकर सेंटर से निकल रहे हैं। इसी क्रम में दरियापुर से कमलापुर जाते समय राष्ट्रीय राजमार्ग से पहले स्थित शहीद स्मारक गेट पर एक ओवरलोड ट्रक फंस गया। स्थानीय लोगों और ड्राइवर की काफी मशक्कत के बाद ट्रक को पीछे हटाकर निकाला जा सका।
किसानों का कहना है कि शासन के आदेशों का सेंटर पर कोई पालन नहीं हो रहा। न ही ओवरलोडिंग पर नियंत्रण है और न ही अनियमितताओं की सुनवाई। किसानों ने जिला प्रशासन और गन्ना विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है ताकि उत्पीड़न पर रोक लगे और पारदर्शी तौल व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

