अब तक न्याय – बरेली
बरेली। फतेहगंज पश्चिमी में भाजपा नेता आशीष अग्रवाल के खिलाफ दर्ज मुकदमे के प्रकरण ने शहर के व्यापारियों में उबाल ला दिया है। मंगलवार को शहर के प्रमुख व्यापारी संगठनों ने वन राज्यमंत्री डॉ. अरुण सक्सेना से मुलाकात कर ईओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा व्यापारी नेता पर दर्ज “झूठे मुकदमे” को वापस लेने की मांग उठाई।
बताया गया कि 21 नवंबर को फतेहगंज नगर के प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं भाजपा नेता आशीष अग्रवाल और नगर पंचायत ईओ पुष्पेंद्र राठौर के बीच विवाद हुआ था। व्यापारी राहुल गुप्ता की नवनिर्मित दुकान को बिना नोटिस जेसीबी से तोड़ने पहुंचने पर आशीष अग्रवाल ने विरोध किया था। इसी नोंकझोंक के बाद ईओ ने उसी दिन थाने में सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की तहरीर दे दी थी।
दूसरी ओर, ईओ पर अतिक्रमण न हटाने के नाम पर दो लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए भी तहरीर दी गई थी। करीब 15 दिन तक चले घटनाक्रम और भीतरघात जैसी स्थितियों के बाद भाजपा नेता आशीष अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। स्थानीय भाजपा नेताओं की गुटबाजी के कारण मामला लंबा खिंचता रहा।
भाजपा गुटबाजी और उत्पन्न परिस्थितियों में व्यापारी नेता को कमजोर पड़ता देख जिले व नगर के व्यापारी संगठनों ने आशीष अग्रवाल के समर्थन में मजबूती से मोर्चा संभाला। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष विष्णु अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, महामंत्री सुदेश अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारी प्रतिनिधिमंडल ने राज्यमंत्री डॉ. अरुण सक्सेना से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री से मांग की कि आशीष अग्रवाल पर दर्ज कथित झूठा मुकदमा वापस लिया जाए तथा ईओ के खिलाफ बिना नोटिस कार्रवाई करने, दो लाख रुपये रिश्वत मांगने और व्यापारी के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराने की साजिश में शामिल होने पर FIR दर्ज की जाए।
राज्यमंत्री अरुण सक्सेना ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि व्यापारी वर्ग के हितों की रक्षा भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वे उच्चाधिकारियों से बात कर मामले में उचित कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगे।
बैठक में व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष विष्णु अग्रवाल, महामंत्री सुदेश अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, मोहम्मद अलवकिल, मुकुल अग्रवाल, दिनेश वर्मा, अतुल अग्रवाल, भवानी दत्त जोशी, गोविंद गुप्ता, राजेश गुप्ता, शशांक अग्रवाल, मयंक अग्रवाल, दीपक गोयल, शोभित अग्रवाल, राजकपूर गुप्ता, सतीश गुप्ता, सतीश अग्रवाल, सुनील रस्तोगी, नीरज गुप्ता, मयंक गंगवार, रामनरायण गुप्ता, रामपाल गुप्ता, यशु गुप्ता, वरुण अग्रवाल, तुषार अग्रवाल, राहुल गुप्ता, रामप्रकाश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन महानगर महामंत्री सुदेश अग्रवाल ने किया।

