जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न
आगरा, 14 जनवरी 2026।
जिलाधिकारी श्री अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कैम्प कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में ई-इनफोर्समेंट के अंतर्गत सड़क सुरक्षा नीति के विभिन्न बिंदुओं पर परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा की गई प्रवर्तन कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि परिवहन विभाग द्वारा बिना हेलमेट 25,568, बिना सीट बेल्ट 6,319, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग में 3,727, गलत दिशा में वाहन चलाने पर 3,595, नशे की हालत में वाहन चलाने पर 545, ओवरस्पीडिंग में 3,962 तथा स्टंटिंग/खतरनाक ढंग से वाहन चलाने पर 406 चालान किए गए।
वहीं पुलिस विभाग द्वारा बिना हेलमेट 7,54,150, बिना सीट बेल्ट 1,12,920, मोबाइल फोन के प्रयोग में 3,619, गलत दिशा में वाहन चलाने पर 6,937, ड्रंकन ड्राइविंग में 266, ओवरस्पीडिंग में 136 तथा स्टंटिंग/खतरनाक वाहन संचालन में 45 प्रवर्तन कार्यवाही की गई।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में लाइसेंस निलंबन की समीक्षा करते हुए परिवहन विभाग ने बताया कि ओवरस्पीडिंग में 8, ड्रंकन ड्राइविंग में 18, मोबाइल फोन के प्रयोग में 10, माल वाहनों में यात्री बैठाने पर 2 तथा ओवरलोडिंग में 98 लाइसेंस निरस्त किए गए। कुल 136 लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की गई है। इसके अतिरिक्त 371 लाइसेंस निलंबन हेतु संस्तुति की गई है।
बैठक में जनपद के ब्लैक स्पॉट्स की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि वर्ष 2025 में कुल 44 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से 41 पर रोड सेफ्टी ऑडिट का कार्य पूर्ण हो चुका है। जिलाधिकारी ने शेष ब्लैक स्पॉट्स पर शीघ्र सुधार कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा में बताया गया कि जनवरी 2024 से दिसंबर 2024 तक 1,223 दुर्घटनाओं में 586 लोगों की मृत्यु हुई, जबकि जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 तक 1,456 दुर्घटनाओं में 748 लोगों की मृत्यु हुई। इस पर जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा के लिए जनजागरूकता बढ़ाने, युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा मित्र बनाए जाने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी बताया गया कि जनपद में उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत 29 रोड सेफ्टी क्लब संचालित हैं। साथ ही स्कूलों एवं कॉलेजों में सड़क सुरक्षा शपथ, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन चालक प्रशिक्षण सत्र तथा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
संवाददाता:
मंडल ब्यूरो चीफ
राजीव कुमार सिंह सिकरवार
आगरा, उत्तर प्रदेश

