जौनपुर/मड़ियाहूं जौनपुर जनपद के मडियाहूं स्थित मडियाहूं स्नातकोत्तर महाविद्यालय में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज 5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिला स्वावलंबन एवं उद्यमिता विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. सुरेश कुमार पाठक ने की।
प्रोफेसर पाठक ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय की आवश्यकता है कि महिलाओं को भी स्वावलंबी होना पड़ेगा और इसका एक माध्यम है उद्यमिता। सभा में उपस्थित बीटीसी विभाग के प्रभारी डॉ. हौसला पांडेय ने कहा कि हर घर में इस उद्यमिता के भाव का प्रसार करना आज समय की जरूरत बन चुका है और इसमें विशेष रूप से महिलाओं को आगे बढ़कर आना पड़ेगा। अंग्रेजी विभाग की डॉ. सुषमा मिश्रा ने अपने कविता पाठ के माध्यम से विषय पर प्रकाश डाला। समाजशास्त्र विभाग की प्रभारी डॉ. दुर्गेश्वरी पांडेय ने समाज में महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अन्याय और अत्याचार की स्थिति में वर्तमान परिवेश में आ रहे सुधार को रेखांकित किया। हिंदी विभाग की डॉ. रेणुका पांडे ने अपने कविता पाठ के माध्यम से दहेज प्रथा पर तंज कसा और कहा कि जब महिलाएं स्वावलंबी होंगी तो दहेज प्रथा स्वतः ही अप्रासंगिक हो जाएगा। भूगोल विभाग के डॉ. श्याम दत्त ने महिला स्वावलंबन और उद्यमिता को लेकर क्षेत्रीय विषमताओं की तरफ सभा का ध्यान आकृष्ट किया। डॉ .आशुतोष शर्मा ने कहा कि हमें इस पर ध्यान देने की आवश्यकता है कि महिलाएं अशक्त कब हुई। सांस्कृतिक समिति के प्रभारी और अंग्रेजी विभाग के डॉ. अमिताभ कुमार ने महिलाओं के घर में किए जाने वाले कार्य की अवसर लागत को रेखांकित करते हुए कहा कि परिवार और समाज में महिलाओं के योगदान को कम करके आंका जाता है। शिक्षा शास्त्र विभाग के डॉक्टर त्रिपुरारी उपाध्याय ने महिला स्वावलंबन और उद्यमिता में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। इसी क्रम में मनोविज्ञान विभाग के प्रभारी डॉ. दया सिंधु ने कहा कि दहेज का कारण महिलाओं और पुरुषों के मध्य असमानता के अंतराल को भरने की आकांक्षा है, जिसे लोग धन के माध्यम से पूरा करने का प्रयास करते हैं।छात्रा अमीषा गौतम ने कविता पाठ के माध्यम से महिलाओं की वास्तविक स्थिति को बहुत ही रुचिकर अंदाज में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन मिशन शक्ति के नोडल अधिकारी और अर्थशास्त्र विभाग के प्रभारी डॉ. विवेक कुमार मिश्र ने किया। संपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन सांस्कृतिक समिति के प्रभारी डा अमिताभ कुमार के निर्देशन में समिति के सदस्य छात्र छात्राओं प्राची अभिषेक, आलोक शिवम अमीषा के सक्रिय सहयोग से किया गया l इस अवसर पर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना के मुख्य कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनोराम मिश्र के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग़ किया तथा महाविद्यालय के समस्त शिक्षक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

