रिपोर्टर: विनोद कुमार
स्थान: सीतापुर
मास्टर बाग में धूमधाम से संपन्न हुई युवा किसान पंचायत, युवाओं और किसानों की आवाज बुलंद
थाना कमलापुर क्षेत्र स्थित मास्टर बाग में युवा किसान पंचायत का भव्य आयोजन बड़े उत्साह, जोश और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों युवाओं, किसानों, माताओं और बहनों की प्रभावशाली उपस्थिति रही। पूरे परिसर में जनसैलाब उमड़ पड़ा और किसान-युवा एकता के नारों से वातावरण गूंज उठा। पंचायत का मुख्य उद्देश्य युवाओं के रोजगार, किसानों की ज्वलंत समस्याओं, फसलों के उचित समर्थन मूल्य तथा क्षेत्रीय विकास जैसे अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में तनुज पुनिया (सांसद बाराबंकी) एवं राकेश राठौर (सांसद सीतापुर) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में जगदीश सिंह (पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, किसान कांग्रेस), ब्रज मौर्य (प्रदेश अध्यक्ष, किसान कांग्रेस), विजय बहादुर सिंह (कंट्रोल रूम प्रभारी, कांग्रेस कार्यालय लखनऊ), ममता पासी (जिला अध्यक्ष) तथा राजेश कुमार सिद्धार्थ (प्रदेश उपाध्यक्ष, किसान कांग्रेस) सहित अनेक पदाधिकारी एवं मीडिया प्रभारी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि आज का युवा बेरोजगारी की मार झेल रहा है और किसान लागत से कम दाम मिलने के कारण आर्थिक संकट से गुजर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां जमीनी स्तर पर किसानों और युवाओं को राहत देने में विफल रही हैं। फसलों का उचित मूल्य, सिंचाई व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, खाद-बीज की उपलब्धता तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन जैसे मुद्दों को लेकर जनप्रतिनिधियों ने ठोस आवाज उठाने का आश्वासन दिया।
मुख्य अतिथियों ने कहा कि किसानों और युवाओं की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनकी समस्याओं को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा और आवश्यकता पड़ी तो बड़े आंदोलन की रणनीति भी बनाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सर्वोपरि है और यदि जनसमस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संघर्ष तेज किया जाएगा।
कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। माताओं और बहनों ने भी किसानों के समर्थन में आवाज बुलंद की और एकजुटता का संदेश दिया। पंचायत स्थल पर अनुशासन व्यवस्था बनाए रखने में डॉक्टर अंबेडकर संवैधानिक महासंघ के कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सभा के अंत में “जय भीम, जय भारत, जय संविधान, जय किसान, जय लोकतंत्र” के गगनभेदी नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। युवा किसान पंचायत ने क्षेत्र में एक नई ऊर्जा और संगठनात्मक मजबूती का संदेश दिया, जिससे आने वाले समय में किसानों और युवाओं के मुद्दे और अधिक मजबूती से उठाए जाने की संभावना जताई जा रही है।

