लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में पिता की हत्या करने वाले बाल अपचारी को पुलिस ने संरक्षण में ले लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पारिवारिक विवाद के दौरान अपने पिता पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक 9 मार्च 2026 को ग्राम खुजेहटा निवासी नेमी लाल ने थाना मोहनलालगंज में सूचना दी कि उनका पुत्र रामकरन रावत (करीब 45 वर्ष) अपने परिवार के साथ अलग हिस्से में रहता था। सोमवार सुबह करीब 11 बजे रामकरन और उसके 17 वर्षीय बेटे के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने हाथ में ली लाठी से पिता के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से रामकरन की मौके पर ही मौत हो गई और आरोपी नाबालिग मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बाल अपचारी की तलाश के लिए चार टीमों का गठन किया। मंगलवार 10 मार्च को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रायभान खेड़ा मोड़, खुजौली मार्ग के पास से आरोपी नाबालिग को पकड़कर पुलिस संरक्षण में ले लिया।
पूछताछ में सामने आया कि मृतक रामकरन नशे का आदी था और अक्सर शराब पीकर घर आता था। वह परिवार के लोगों के साथ मारपीट करता था और घर का सामान बेचकर नशा करता था। इन्हीं हालात से परेशान होकर बेटे ने गुस्से में आकर लाठी से वार कर दिया, जिससे पिता की मौत हो गई
