गोरखपुर थाना सहजनवा विकासखंड पाली ग्राम निवासी ऋषिनरायण सिंह, पुत्र प्रहलाद सिंह, ने अपनी फसल पर अवैध कब्जे का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ग्राम सभा सिसई में स्थित उनके गाटा संख्या 1071 के खेत पर अंगद, पुत्र बैजनाथ, और उनके परिजनों ने जबरन कब्जा कर लिया है।
ऋषिनरायण सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी फसल को जबरन काट लिया गया और उन्हें खेत में खेती करने से भी रोका गया। इसके अलावा, नदी किनारे की जमीन गाटा संख्या 1107 से मिट्टी खोदकर ले जाने और उसका भुगतान न करने की भी शिकायत की गई है। पीड़ित का कहना है कि पिछले चार-पांच वर्षों से वह इस मामले की शिकायत पुलिस से कर रहे हैं, लेकिन हर बार एसडीएम के आदेश की बात कहकर उन्हें टाल दिया जाता है।
तहसील समाधान दिवस पर आवेदन देकर ऋषिनरायण सिंह ने प्रशासन से फसल कटवाने और भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की मांग की है। उन्होंने इसे अपनी आजीविका का एकमात्र साधन बताते हुए शीघ्र न्याय की अपील की है।
ग्रामीणों ने भी ऋषिनरायण सिंह का समर्थन करते हुए प्रशासन से इस मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उम्मीद है कि संबंधित अधिकारी जल्द ही इस मामले का समाधान करेंगे और किसान को न्याय मिलेगा।
