देश की राजधानी के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले परिसर दिल्ली विधानसभा में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक तेज रफ्तार एसयूवी गेट नंबर-2 को तोड़ते हुए अंदर घुस गई। इस अभूतपूर्व सुरक्षा चूक ने पूरे सिस्टम की पोल खोल दी है।
दोपहर करीब 2:30 बजे हुई इस घटना में आरोपी बिना किसी रोक-टोक के करीब पांच मिनट तक विधानसभा परिसर में घूमता रहा। हैरानी की बात यह रही कि वह सीधे विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय की ओर पहुंचा और वहां एक गुलदस्ता रखकर वापस लौट गया। घटना ने नया मोड़ तब लिया जब पता चला कि आरोपी कोई हमला नहीं, बल्कि गुलदस्ता रखकर चला गया। अब सवाल यह उठ रहा है कि यह सिर्फ सनक थी या किसी बड़े संदेश या साजिश का हिस्सा?
दिल्ली पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी को रूप नगर इलाके से दबोच लिया। आरोपी की पहचान सरबजीत सिंह के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के पूरनपुर क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने उसके साथ तीन अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है।देश के वीआईपी और संवेदनशील स्थलों में शुमार दिल्ली विधानसभा में इस तरह की सेंध ने सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियां उजागर कर दी हैं। अब एजेंसियां यह जांच कर रही हैं कि आखिर इतनी बड़ी चूक कैसे हुई।
पीलीभीत पुलिस अधीक्षक सुकृति माधव मिश्रा ने बताया कि मामले में पीलीभीत कनेक्शन सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर भी जांच तेज कर दी गई है और सभी बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है।
इस सनसनीखेज घटना के बाद पीलीभीत में भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। हर कोई यही जानना चाहता है “क्या यह सिर्फ हरकत थी या किसी बड़े खतरे की चेतावनी?” फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां आरोपी से गहन पूछताछ कर रही हैं और पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी हैं।
