हाथरास (सादाबाद): राजनीति और पद से ऊपर उठकर जनसेवा का एक अनुपम उदाहरण सादाबाद के गांव घड़ी रंजिता में देखने को मिला है। यहाँ के ऐतिहासिक ओल्ड भोले बाबा मंदिर पर पिछले 20 वर्षों से अनुपयोगी पड़े हैंडपंप को समाजसेवी प्रशांत तेहरिया ने अपने निजी प्रयासों से दोबारा चालू करवा दिया है।
ग्रामीणों के अनुसार, मंदिर परिसर में स्थित यह हैंडपंप पिछले दो दशकों से खराब पड़ा था, जिससे श्रद्धालुओं और राहगीरों को पीने के पानी के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। समाजसेवी प्रशांत तेहरिया ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए हैंडपंप का रीबोर कराया और उसमें नया सामान व पाइप डालकर उसे फिर से क्रियाशील बना दिया है।आंधी, बारिश और बिजली की बार-बार होने वाली कटौती के बीच पानी की किल्लत को देखते हुए किए गए इस कार्य की क्षेत्र में काफी प्रशंसा हो रही है। इस अवसर पर प्रशांत तेहरिया ने कहा, "विकास कार्य और जनसेवा करने के लिए किसी सरकारी पद की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि जनता के प्यार और आशीर्वाद की जरूरत होती है। ईश्वर और जनता के सहयोग से भविष्य में भी ऐसे ही सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।"
मंदिर पर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों ने हैंडपंप चालू होने पर राहत की सांस ली है। ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी की दस्तक से पहले पानी की यह व्यवस्था उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
