मथुरा (बल्देव): के बल्देव-सादाबाद मार्ग पर आज एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो लोडर ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक अपनी महिला रिश्तेदार के साथ बल्देव के ग्राम खप्परपुर में एक शादी का कार्ड देने आया था। कार्ड देकर वह वापस अपने घर मई (हाथरस) लौट रहा था। जैसे ही उनकी बाइक बल्देव-सादाबाद रोड पर पहुँची, सामने से आ रही अनियंत्रित बोलेरो लोडर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।घटनास्थल पर मौजूद समाजसेवी प्रशांत तेहरियां ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद साथ बैठी महिला बाल-बाल बच गई, लेकिन अपनी आंखों के सामने हुई इस अनहोनी से उसका रो-रोकर बुरा हाल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो चालक तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते हुए युवक को कुचलकर भाग निकला।सूचना मिलते ही बल्देव पुलिस मौके पर पहुँच गई। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अब फरार बोलेरो लोडर और उसके चालक की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों की मदद ले रही है।
इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। खुशियों वाले घर में शादी के कार्ड बांटते समय हुए इस हादसे ने मातम पसार दिया है।
