लखनऊ, गोमती नगर। भारतीय संविधान के निर्माता, महान समाज सुधारक एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के पावन अवसर पर राजधानी लखनऊ स्थित सामाजिक परिवर्तन स्थल (अंबेडकर पार्क) में इस वर्ष एक भव्य और ऐतिहासिक “प्रकाश महोत्सव” का आयोजन किया गया।
इस आयोजन में 27 लाख मोमबत्तियां एवं दीप प्रज्ज्वलित कर बाबा साहेब को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गए, जिससे पूरा परिसर अलौकिक रोशनी से जगमगा उठा और वातावरण श्रद्धा एवं उत्साह से भर गया।
यह भव्य आयोजन डॉ. आंबेडकर संवैधानिक महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार सिद्धार्थ के नेतृत्व एवं आवाहन पर संपन्न हुआ। इस अवसर पर हजारों की संख्या में उपस्थित लोगों ने एक-एक दीप जलाकर बाबा साहेब के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 1:00 बजे दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसका उद्घाटन लखनऊ के प्रथम लोकपाल डॉ. आर. आर. जायसवाल द्वारा किया गया। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, शिक्षा और समानता का प्रतीक है तथा उनके विचार आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. आर. सी. कमल तथा संतोष कुमार भी उपस्थित रहे, जिन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया। कार्यक्रम का सफल संचालन युवा अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह त्यागी द्वारा किया गया।
“प्रकाश महोत्सव” के इस ऐतिहासिक आयोजन ने न केवल बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की, बल्कि समाज में समानता, न्याय और भाईचारे के संदेश को भी व्यापक रूप से प्रसारित किया।

