श्रीकृष्ण भास्कर सह संपादक अब तक न्याय न्यूज आपको अवगत कराते चलें कि
मोटरसाइकिलों में मॉडिफाइड साइलेंसर एवं पटाखा युक्त ध्वनि पर नियंत्रण हेतु बैठक आयोजित
पीलीभीत सूचना सूचना विभाग 18 अप्रैल 2026/ जनपद में मोटरसाइकिलों में साइलेंसर को मॉडिफाई कर निर्धारित डेसीबल से अधिक ध्वनि उत्पन्न करने तथा पटाखा जैसी आवाज करने वाले वाहनों के विरुद्ध प्रभावी नियंत्रण हेतु सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में जनपद के विभिन्न गैराज संचालकों एवं दोपहिया वाहन डीलरों के सर्विस सेंटर इंचार्ज उपस्थित रहे।
बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी वीरेंद्र सिंह द्वारा स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया कि किसी भी वाहन के साइलेंसर में परिवर्तन करना कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है। विशेष रूप से पटाखा युक्त साइलेंसर लगाकर वाहन संचालन करने से छोटे बच्चों, वृद्धजनों एवं हृदय रोगियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, जो मानवीय दृष्टिकोण से भी अनुचित है। इसके अतिरिक्त ऐसे वाहनों से उत्पन्न तीव्र ध्वनि अन्य वाहन चालकों का ध्यान भंग करती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है।
उक्त तथ्यों के दृष्टिगत सभी गैराज संचालकों एवं सर्विस सेंटर इंचार्ज को सख्त निर्देश दिए गए कि वे अपनी वर्कशॉप में किसी भी दोपहिया वाहन में पटाखा युक्त या मॉडिफाइड साइलेंसर न लगाएं। यह भी चेतावनी दी गई कि चेकिंग के दौरान यदि ऐसे वाहन पाए जाते हैं, तो संबंधित वाहन के साथ-साथ उस वर्कशॉप के संचालक के विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जाएगी, जहां साइलेंसर में अवैध परिवर्तन किया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में जनपद में एक विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत अब तक दो वाहनों के विरुद्ध मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर वाहन संचालन करने पर चालान की कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक के उपरांत श्री वीरेंद्र सिंह द्वारा जनपद के विभिन्न दोपहिया वाहन गैराज एवं वर्कशॉप का स्थलीय निरीक्षण भी किया गया तथा संबंधित संचालकों को कड़ी चेतावनी जारी की गई।
