थाने की कमान संभालते ही एक्शन में नए प्रभारी
बोले- पीड़ितों को मिलेगा त्वरित न्याय*--संजय कुमार मिश्रा
सहजनवा, गोरखपुर सहजनवा थाना परिसर में शुक्रवार को नए थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्र ने विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही उन्होंने सक्रियता दिखाते हुए सभी चौकी प्रभारियों एवं उप-निरीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान नवागत प्रभारी ने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, कानून-व्यवस्था, लंबित मामलों तथा अपराध नियंत्रण की रणनीति पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी को त्वरित और निष्पक्ष न्याय दिलाना है।
थाना प्रभारी मिश्र ने जोर देकर कहा, "पुलिस का पहला कर्तव्य जनता की सेवा है। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के विरुद्ध कोई कार्रवाई न हो, वहीं अपराधियों को बख्शा न जाए।"
उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को संवेदनशीलता का पाठ पढ़ाते हुए निर्देशित किया कि थाने आने वाले प्रत्येक पीड़ित की फरियाद सम्मानपूर्वक सुनी जाए। पीड़ितों के साथ मानवीय व्यवहार किया जाए ताकि जनता का पुलिस पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।कार्यभार ग्रहण के साथ ही नए थाना प्रभारी के इन सख्त और स्पष्ट निर्देशों से क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग की उम्मीद जगी है।

