महिला अस्पताल में नवजात बच्चियों को बांटी बेबी किट, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
पीलीभीत जिले में राज्य महिला आयोग की सदस्या श्रीमती पुष्पा पाण्डेय ने गुरुवार को पीलीभीत में जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, जिला कारागार और कस्तूरबा गांधी विद्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मिली शिकायतों पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
सुबह जिला अस्पताल पहुंचीं सदस्या ने लेबर रूम सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। महिला अस्पताल में भर्ती 05 नवजात बच्चियों को बेबी किट वितरित कर परिवारों को शुभकामनाएं भी दीं।
इसके बाद विकास भवन स्थित गोमती सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में घरेलू हिंसा, जमीन विवाद, पेंशन और आपसी विवाद से जुड़ी 11 शिकायतें सामने आईं। सदस्या ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला लाभार्थियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और कोई भी पात्र महिला सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे।
जिला कारागार निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला बंदियों से बातचीत कर उनकी दिनचर्या और सुविधाओं की जानकारी ली। महिला बंदियों को आत्मनिर्भर बनने के लिए पूर्णागिरि मंदिर में उपयोग होने वाले थैले तैयार कर रोजगार से जुड़ने की सलाह भी दी।
सदस्या ने कस्तूरबा गांधी विद्यालय नगर का भी औचक निरीक्षण किया, जहां सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। निरीक्षण के दौरान विद्यालय स्टाफ उपस्थित मिला।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
