बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र में वर्षों से बदहाल पड़े उल्कारी ढाकिया-बहारुआ संपर्क मार्ग के दिन अब बदलने जा रहे हैं। विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने मझोला धनकुना मार्ग से उल्कारी ढाकिया होते हुए बहारुआ रानी कॉलोनी एवं चहलोरा से हसननगर (भक्तनियां) तक जाने वाले संपर्क मार्ग का विधिवत शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत कर आभार व्यक्त किया।
विधायक ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कराया जाएगा। उल्कारी ढाकिया-बहारुआ मार्ग के निर्माण पर लगभग 76 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि चहलोरा से हसननगर तक 1.4 किलोमीटर सड़क निर्माण पर करीब 84 लाख रुपये की लागत आएगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप कराया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने कहा कि आजादी के बाद भी क्षेत्र के लोग खराब सड़क की समस्या से जूझ रहे थे। उन्होंने चुनाव के दौरान इस सड़क के निर्माण का वादा किया था, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
इस संपर्क मार्ग के निर्माण से उल्कारी ढाकिया, बहारुआ, रानी कॉलोनी सहित आसपास के कई गांवों और मजरों के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। बरसात में कीचड़ और जलभराव से होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी तथा आवागमन आसान होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में पीडब्ल्यूडी के जेई ओमपाल, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
