पीलीभीत जिले में बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और शिक्षा को नई ऊंचाई देने के लिए 12 मई को एक भव्य और प्रेरणादायी आयोजन होने जा रहा है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा कई ऐतिहासिक पहल की शुरुआत की जाएगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी करेंगे।
प्रातः 9 बजे गांधी प्रेक्षागृह (गांधी स्टेडियम) में आयोजित होने वाली “जिलाधिकारी की पाठशाला” में बालिकाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएं, अभिभावक और विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल होंगे।
जिला प्रोबेशन अधिकारी अनुराग श्याम रस्तोगी ने बताया कि कार्यक्रम के बाद गांधी स्टेडियम गेट पर स्थापित “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” स्टैच्यू का भव्य अनावरण किया जाएगा। इसके साथ ही जिलेभर में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से लोगोयुक्त बेंच स्थापना अभियान के प्रचार वाहन को जिलाधिकारी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
इसके अलावा विकास भवन में तैयार किए गए विशेष “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ गलियारे” का उद्घाटन भी किया जाएगा। यह गलियारा समाज में बेटियों के सम्मान, समान अवसर और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश देगा।
प्रशासन का मानना है कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बेटियों के उज्ज्वल भविष्य और महिला सशक्तिकरण के प्रति जिले की मजबूत सोच और प्रतिबद्धता का प्रतीक बनेगा।
