राजेश कुमार पत्रकार अब तक न्याय कौशाम्बी
कौशाम्बी। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह द्वारा शुक्रवार को मंझनपुर क्षेत्र में विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान उन्होंने स्वयं सड़क पर उतरकर वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। इस दौरान दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी न बैठाने एवं सभी आवश्यक वाहन अभिलेख साथ रखने की अपील भी की गई। पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध एवं बिना वैध दस्तावेज वाले वाहनों की सघन जांच कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानून नहीं, बल्कि हर व्यक्ति की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। कौशाम्बी पुलिस ने आमजन से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं की रोकथाम में सहयोग करने की अपील की।
