रायपुर सेंट्रल जेल में कैदी खुलेआम मोबाइल से कर रहे वीडियो कॉल, जांच के आदेश जारी
रायपुर (छत्तीसगढ़): रायपुर सेंट्रल जेल से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें कैदियों को मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए खुलेआम वीडियो कॉल करते देखा गया है। वीडियो वायरल होने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, एनडीपीएस एक्ट के आरोपी रशीद अली उर्फ राजा बैजड को वीडियो कॉल करते हुए देखा गया। यह वीडियो 13 से 15 अक्टूबर 2025 के बीच का बताया जा रहा है।
घटना सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने आंतरिक जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और यदि इसमें जेलकर्मियों की लापरवाही पाई गई, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि रायपुर सेंट्रल जेल में इससे पहले भी प्रतिबंधित वस्तुएं मिलने के मामले सामने आ चुके हैं। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने जेल सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
