रिपोर्ट सुधीर वर्मा अब तक न्याय
महमूदाबाद सीतापुर।
ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से ग्रीन क्लीन एजुकेटेड विलेज फाउंडेशन एवं एस आर लाइफ हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार, 20 मई 2026 को ग्राम गड़रियन पुरवा, पोस्ट समरदहा, ब्लॉक रामपुर मथुरा, तहसील महमूदाबाद में भव्य निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के 70 से अधिक ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयों का लाभ प्राप्त किया।
सुबह से ही शिविर स्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ देखने को मिली। स्वास्थ्य शिविर में मरीजों का बीपी, शुगर, आई टेस्ट सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांचें विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में की गईं। चिकित्सकों ने मरीजों की समस्याएं सुनकर आवश्यक परामर्श दिया तथा गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक भी किया। इसके साथ ही जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
शिविर के दौरान एस आर लाइफ हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. शिवपाल यादव अपनी पूरी मेडिकल टीम के साथ मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना बेहद आवश्यक है, क्योंकि जागरूकता और प्रारंभिक जांच से कई गंभीर बीमारियों को समय रहते रोका जा सकता है।
ग्रामीणों ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को काफी हद तक दूर करने में सहायक साबित हो रहे हैं। लोगों ने फाउंडेशन एवं चिकित्सकीय टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे समाजहित में एक प्रेरणादायी पहल बताया।
इस अवसर पर फाउंडेशन की ओर से संस्था के अध्यक्ष श्री तारा चंद्र, समर्पित सदस्य श्री अमरेंद्र सिंह, श्री आशीष वर्मा एवं श्री अनुभव वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने शिविर के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।
फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित करती रहेगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सुविधाएं और जागरूकता उपलब्ध कराई जा सके।
