रिपोर्ट सुधीर वर्मा अब तक न्याय
देश की राजनीति में युवाओं की बढ़ती भूमिका और विकास की नई संभावनाओं के बीच भारत सरकार के केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान से वरिष्ठ शिक्षाविद एवं समाजसेवी डॉ. अम्मार रिजवी ने नई दिल्ली स्थित उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात बेहद सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक वातावरण में सम्पन्न हुई, जिसमें देश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, युवाओं की भागीदारी तथा विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान डॉ. अम्मार रिजवी ने कहा कि आज देश को ऐसे युवा, शिक्षित, दूरदर्शी और व्यवहार कुशल नेतृत्व की आवश्यकता है, जो राजनीति को नई दिशा देने का सामर्थ्य रखता हो। उन्होंने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की कार्यशैली, विनम्रता, राजनीतिक समझ और युवाओं के प्रति सकारात्मक सोच की सराहना करते हुए कहा कि वे एक सभ्य, सुयोग्य, समझदार एवं दूरदर्शी राजनेता हैं, जिनसे देश को भविष्य में काफी उम्मीदें हैं।
डॉ. रिजवी ने इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री को जनपद सीतापुर आने का औपचारिक आमंत्रण भी दिया। उन्होंने जिले में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के माध्यम से रोजगारपरक एवं विकासोन्मुख योजनाओं को शुरू कराने की मांग रखते हुए कहा कि सीतापुर जैसे कृषि प्रधान जिले में फूड प्रोसेसिंग सेक्टर की अपार संभावनाएं हैं। यदि यहां मंत्रालय की योजनाएं लागू होती हैं तो किसानों, युवाओं और स्थानीय उद्यमियों को बड़ा लाभ मिल सकता है।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने डॉ. रिजवी की बातों को गंभीरता से सुना और निकट भविष्य में सीतापुर आने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, कृषि आधारित उद्योगों के विस्तार और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इस महत्वपूर्ण मुलाकात को डॉ. अम्मार रिजवी के पुराने मित्र एवं संसदीय संस्थान के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री मणिशंकर पाण्डेय ने विशेष रूप से समन्वित कराया। बैठक के दौरान आपसी आत्मीयता, विकास के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण और सामाजिक सरोकारों की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में इस मुलाकात को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जानकारों का कहना है कि यदि खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय की योजनाएं सीतापुर में धरातल पर उतरती हैं, तो इससे जिले के औद्योगिक और आर्थिक विकास को नई गति मिल सकती है।

