गोरखपुर, थाना गीडा, पिपरौली ग्राम पंचायत बड़गहन में लंबे समय से चली आ रही नाली की गंदगी और टूटे ढक्कनों की समस्या का समाधान अब हुआ है। युवा प्रधान प्रत्याशी राहुल यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस मुद्दे को प्राथमिकता पर लिया और जमीनी स्तर पर काम कराया।
पिछले कई महीनों से क्षतिग्रस्त नाली के ढक्कनों की वजह से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी। हादसे का खतरा भी बना रहता था। इस समस्या को देखते हुए राहुल यादव ने ओमकार, गिरिजेश, मनोज, लालू, प्रदीप, अमित, सर्वेश और शनि के साथ मिलकर संबंधित अधिकारियों से समन्वय किया। टीम के प्रयास से नालियों की सफाई हुई और टूटे ढक्कनों की मरम्मत कराई गई।
इस कार्य से मोहल्ले की सफाई व्यवस्था सुधरी है और लोगों को सुरक्षित आवागमन मिल रहा है। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की। उनका कहना है कि युवा पीढ़ी की ऐसी सोच और सेवा भाव गांव के विकास को नई दिशा देगी।राहुल यादव ने कहा कि पंचायत के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा। क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी समस्या पर ध्यान देकर उसका समाधान करना ही उनका लक्ष्य है।
