गोरखपुर खजनी से अति संवेदनशील खबर
गोरखपुर थाना खजनी क्षेत्र अंतर्गत गंगा पिपरा के पास बुधवार को एक मासूम बच्ची लावारिस अवस्था में मिली। बच्ची के पास से मिठाई और कुछ खिलौने भी बरामद हुए हैं, जिससे अनुमान है कि उसे लापरवाही से छोड़ दिया गया होगा।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को अकेला नहीं छोड़ा और तुरंत पुलिस को जानकारी दी। थाना खजनी पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया। महिला पुलिसकर्मियों की देखरेख में बच्ची को प्राथमिक चिकित्सा और भोजन उपलब्ध कराया गया।पुलिस ने मामले की सूचना 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और जिला बाल कल्याण समिति (CWC) को दे दी है। नियमों के अनुसार 24 घंटे के भीतर बच्ची को बाल कल्याण समिति (CWC)के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, जहां उसके पुनर्वास की आगे की कार्रवाई तय होगी।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि बच्ची के परिजनों का पता लगाया जा सके। बरामद मिठाई और खिलौनों को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा गया है।अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को बच्ची के बारे में कोई जानकारी हो तो वह तुरंत 112 या 1098 पर सूचना दें। साथ ही सोशल मीडिया पर बच्ची की तस्वीर साझा न करने की हिदायत भी दी गई है, क्योंकि नाबालिग की पहचान उजागर करना कानूनन दंडनीय है।फिलहाल बच्ची सुरक्षित है और प्रशासन उसकी देखभाल में जुटा हुआ है।

