मुंबई में फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) की ओर से की जा रही कार्रवाई का होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों ने समर्थन किया है. साथ ही कहा कि ग्राहकों की सेहत के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होना चाहिए.
मुंबई में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर FDA की ओर से की जा रही कार्रवाई का होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों ने समर्थन किया है. कारोबारियों का कहना है कि ग्राहकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए.
अंधेरी स्थित रेस्टोरेंट What Is Your Bahana के मालिक अभिषेक बजाज ने FDA की कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि खाद्य सुरक्षा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा, मैं FDA के कमिश्नर को समर्थन देता हूं. ग्राहकों के स्वास्थ्य के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होना चाहिए.
खाद्य गुणवत्ता को लेकर होंगे जागरूक
अभिषेक बजाज के मुताबिक, अगर किसी होटल या रेस्टोरेंट में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित विभाग को कार्रवाई करने का पूरा अधिकार है. उन्होंने कहा कि इससे पूरे होटल और रेस्टोरेंट उद्योग में साफ-सफाई और खाद्य गुणवत्ता को लेकर जागरूकता बढ़ेगी.
ग्राहकों का भरोसा होगा मजबूत
होटल कारोबारियों का कहना है कि FDA की जांच और कार्रवाई को केवल सख्ती के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि इससे ग्राहकों का भरोसा भी मजबूत होगा. कारोबारियों ने उम्मीद जताई कि खाद्य सुरक्षा के नियमों का पालन करने वाले प्रतिष्ठानों को भी उचित मार्गदर्शन और सहयोग दिया जाएगा.
जानें, क्या है पूरा मामला
महाराष्ट्र में फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) अपनी कार्रवाई तेज कर रहा है. नियमों का उल्लंघन करने वाले फूड एस्टेब्लिशमेंट के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. FDA कमिश्नर (IAS) तुकाराम मुंडे की अगुवाई में, पूरे राज्य में बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया गया है. मुंबई में बड़े होटलों, डेयरियों, रेस्टोरेंट और यहां तक कि BMC कैंटीन की भी जांच की गई है. कई जगहों पर लाइसेंस सस्पेंड कर दिए गए हैं और कुछ एस्टेब्लिशमेंट को सील कर दिया गया है.

