आमोद कुमार
बांदा। सोशल मीडिया के माध्यम से जनसरोकारों को प्रभावी ढंग से उठाने और जिले के कंटेंट क्रिएटर्स को एक संगठित मंच प्रदान करने के उद्देश्य से रविवार को बांदा में सोशल मीडिया क्रिएटर्स की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रवीण चौहान ने की, जिसमें सर्वसम्मति से संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।बैठक में संगठन के विस्तार, रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इसके बाद सर्वसम्मति से मछंदर सिंह को जिलाध्यक्ष, संतोष गुप्ता को महामंत्री, सोनम सिंह को उपाध्यक्ष तथा सीमा गुप्ता को सचिव चुना गया।नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का उपस्थित सदस्यों ने पुष्पमालाएं पहनाकर स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी सोशल मीडिया क्रिएटर्स के अधिकारों, सम्मान और रचनात्मक अभिव्यक्ति को सशक्त बनाने के साथ-साथ समाजहित और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का कार्य करेगी।बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संगठन की एकता, आपसी सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि सोशल मीडिया केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि सकारात्मक परिवर्तन और जनजागरण का प्रभावी मंच भी है।

