आमोद कुमार
आमोद कुमार
बांदा। नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे "ऑपरेशन ईगल" के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.8 किलोग्राम अवैध सूखा गांजा बरामद कर दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल रिंकू पहले से ही एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमों में नामजद है और मादक पदार्थों की तस्करी व चोरी के मामलों में कई बार जेल जा चुका है।पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में जनपद को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को गश्त और चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कनवारा मोड़ कृषि विश्वविद्यालय के पास घेराबंदी कर रिंकू पुत्र सुरेश निवासी मुचियाना मोहल्ला, कोतवाली नगर तथा सलमान उर्फ लाला पुत्र अमिया निवासी मुरवा हुसैनपुर, थाना गिरवां को गिरफ्तार कर लिया।तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 2 किलो 800 ग्राम अवैध सूखा गांजा, दो मोबाइल फोन और 1,520 रुपये नकद बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रिंकू का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट, चोरी, रेलवे अधिनियम और आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न मामलों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह पूर्व में भी कई बार जेल जा चुका है। वहीं सलमान उर्फ लाला के खिलाफ भी चोरी, शस्त्र अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में लिप्त अपराधियों के विरुद्ध ऑपरेशन ईगल के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी टीम में कृषि विश्वविद्यालय चौकी प्रभारी दीपक कुमार सैनी, संकट मोचन चौकी प्रभारी सुश्री आकांक्षा पटेल, हेड कांस्टेबल राघवेन्द्र सिंह, कांस्टेबल दीपक कुमार, जितेन्द्र सिंह एवं मोहित शिवहरे शामिल रहे।

