बांदा। भारतीय सेना में 28 वर्ष तक गौरवपूर्ण सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त होकर अपनी कर्मभूमि बांदा लौटे सूबेदार रामदास प्रजापति का रविवार को रेलवे स्टेशन बांदा पर बांदा सैनिक प्रकोष्ठ की ओर से भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। यह सम्मान समारोह सैनिक प्रकोष्ठ के सेवानिवृत्त सैनिकों के सम्मान अभियान का 11वां आयोजन रहा।
कार्यक्रम का नेतृत्व बांदा सैनिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मिश्री लाल यादव ने किया। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिक राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उनका सम्मान केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति उनके त्याग, समर्पण और बलिदान के प्रति समाज की कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सैनिक प्रकोष्ठ भविष्य में भी सेवानिवृत्त वीर जवानों के सम्मान का यह अभियान निरंतर जारी रखेगा।
इस अवसर पर सूबेदार रामसेवक प्रजापति, हवलदार रतनलाल, हवलदार रमेश चंद्र, हवलदार अवधेश प्रसाद, हवलदार अभिमन्यु सिंह, सूबेदार कृष्णा, हवलदार संतोष कुमार, हवलदार विजय सिंह, हवलदार दिनेश यादव, हवलदार जे.पी. सिंह, हवलदार महेंद्र कुमार, नायब सूबेदार कालीचरण प्रजापति, नायब सूबेदार बृजराज प्रजापति सहित बांदा सैनिक प्रकोष्ठ के सदस्य एवं लगभग दो दर्जन शुभचिंतक उपस्थित रहे।सभी ने पुष्पमालाएं पहनाकर सूबेदार रामदास प्रजापति का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद और सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की। समारोह के दौरान उपस्थित पूर्व सैनिकों और नागरिकों ने भारतीय सेना के वीर जवानों के साहस, अनुशासन और राष्ट्रसेवा को नमन करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान समारोह समाज में देशभक्ति और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत करते हैं।

